₹2.70 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

रायपुर/तिल्दा :- बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहेसर में आयोजित भव्य भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री श्री टंक राम वर्मा के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर क्षेत्र को ₹2.70 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान ग्राम बहेसर से तुलसी मार्ग (1.525 कि.मी.) का ₹2.53 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही मुख्य मार्ग से मुक्तिधाम तक ₹10 लाख की लागत से सी.सी. रोड, शासकीय प्राथमिक शाला बहेसर में ₹2.50 लाख की लागत से शौचालय तथा बाजार चौक बहेसर में ₹5 लाख की लागत से सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान हितैषी योजनाएं, सुशासन तिहार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।

 

कैबिनेट मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी और प्रत्येक गांव को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम में जनपद पंचायत तिल्दा अध्यक्ष श्री टिकेश्वर मनहरे, सांसद प्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सदस्य श्री अनिल अग्रवाल, जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा के सभापति श्री नरसिंह वर्मा, विधायक प्रतिनिधि श्रीमती अनुराधा वर्मा, तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष श्री प्रांजल निपट, तिल्दा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री नरसिंह वर्मा, सरपंच ग्राम पंचायत तुलसी नेवरा श्री गालव आहिल, सरपंच ग्राम पंचायत बहेसर श्रीमती सविता सेवक वर्मा, उपसरपंच ग्राम पंचायत तुलसी नेवरा श्रीमती मनीषा वर्मा, उपसरपंच ग्राम पंचायत बहेसर श्री उमेश निषाद, सचिव ग्राम पंचायत तुलसी नेवरा श्री हरीलाल वर्मा, सचिव ग्राम पंचायत बहेसर श्री ललित कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button