जनसंपर्क विभाग के सहायक ग्रेड-03 श्री गुलजारी लाल तम्बोली को सेवानिवृत्ति पर दी गई गरिमामय विदाई*

*जनसंपर्क विभाग के सहायक ग्रेड-03 श्री गुलजारी लाल तम्बोली को सेवानिवृत्ति पर दी गई गरिमामय विदाई*
*36 वर्षों की सेवा के बाद हुआ सम्मान, अधिकारियों- कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं*
रायपुर, 31 जुलाई 2026/ जनसंपर्क संचालनालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 श्री गुलजारी लाल तम्बोली आज सेवानिवृत्त (अर्द्धवार्षिकी) हुए। इस अवसर पर संचालनालय में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित कर उनके सुखद स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की गई।
श्री तम्बोली ने अविभाजित मध्यप्रदेश के समय सन् 1990 में म.प्र. राज्य सड़क परिवहन निगम (एमपीआरएसटी) में सेवा की शुरुआत की। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद सन् 2008 में वे जनसंपर्क विभाग में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हुए और 18 वर्षों तक अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
विदाई समारोह में अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा और श्री आलोक देव सहित जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्री तम्बोली को भावभीनी विदाई दी।
*सेवा और समर्पण की हुई सराहना*
कार्यक्रम में अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने श्री तम्बोली की सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। उन्होंने उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ, सुदीर्घ और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपर संचालक श्री आलोक देव ने श्री तम्बोली के साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए उनकी सरलता और दायित्वों के प्रति समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर श्री तम्बोली ने विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से ही मैं अपने दायित्वों का निर्वहन सफलतापूर्वक कर पाया।
इस विदाई समारोह के अवसर पर विभाग के संयुक्त संचालक, उप संचालक, सहायक संचालक सहित कार्यालयीन स्टॉफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



