गृहमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर नक्सली मुठभेड़ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
संपादक पंकज दास

- रायपुर : गृहमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर नक्सली मुठभेड़ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों की कायराना करतूत में 8 जवानों समेत एक ड्राइवर के शहीद होने की खबर हृदयविदारक और अत्यंत ही दुखद है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा को शांति, घायलों के जल्द स्वास्थ्य होने की प्रार्थना करता हूं। अपार दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। भारत मां के वीर सपूतों का यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक मोड़ तक जारी रहेगी।
डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि यह कैसे हुआ ये जांच का विषय है। अब हम इस पूरे नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए और दृढ़ता और ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बात को दोहराते हुए और दृढ़ता के साथ कार्रवाई करने की बात कही है। CM विष्णुदेव साय कहा कि बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में 8 जवानों समेत एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं।
CM साय ने कहा कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पूरा देश जानता है कि हमारी सरकार को सत्ता में आए 1 साल से ज्यादा हो गया है। हमारे जवान नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भी संकल्प है कि मार्च 2026 तक हमें नक्सलवाद को समाप्त करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनका संकल्प पूरा होगा। नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी निंदनीय और कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं।



