छोटे व्यवसायियों को परेशान न किया जाए: चौधरी

रायपुर : वाणिज्यिक कर और वित मंत्री ओपी चौधरी ने GST विभाग के कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर में आयोजित की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की ओर से निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रयास किए जाए। उन्होंने अप्रैल से जुलाई तक प्राप्त राजस्व पर संतोष व्यक्त किया और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों के अनुरुप कर संग्रहण करने के लिए विभिन्न पहलूओं पर विचार करते हुए पारदर्शिता से कार्य करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री चौधरी ने यह भी निर्देशित किया कि शासन की ओर से निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी अधिकारी सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। उन्होंने कर अपवंचन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साक्ष्य आधारित कार्यवाही करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी व्यवसायियों को विशेषकर छोटे व्यवसायियों को अनावश्यक रुप से परेशान न किया जाये। विभाग में उपलब्ध आधार-भूत सुविधाओं, डेटा एनॉलिटिक्स के माध्यम से पिन पाईंट, कर अपवंचन रोकने की कार्रवाई की जाए।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यालयों में बायोमैट्रिक और सीसीटीवी लगाने, समय पर कार्यालय आने, अनुशासन बनाये रखने, सप्ताह में कम से कम तीन दिन करदाताओं, अधिवक्ताओं और सीए से मुलाकात करने का समय निर्धारित कर, सूचना पटल पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। वित्त मंत्री चौधरी ने व्यवसायियों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझकर समाधान तत्परता से करने और नए पंजीकरण में लगने वाले समय को कम करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में वाणिज्यिक कर सचिव मुकेश बंसल, आयुक्त पुष्पेंद्र मीणा और विभाग के विशेष आयुक्त से सहायक आयुक्त स्तर तक के सभी अधिकारी उपस्थित थे।



